16 मई को कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
पुष्कर सिंह धामी 16 मई को बाराही धाम देवीधुरा में भाजपा द्वारा आयोजित दो दिवसीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान में शामिल होंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम 15 मई को प्रातः 9:30 बजे बाराही मंदिर परिसर से शुरू होगा तथा 16 मई को सायं 5 बजे संपन्न होगा। भाजपा जिला महामंत्री मुकेश कलखुडिया ने बताया कि 12 सत्रों में आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण महाअभियान में जिले के भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, प्रदेश मोर्चा पदाधिकारी, विधायक, वर्ष 2022 के विधानसभा प्रत्याशी, दायित्वधारी, जिला पदाधिकारी, पूर्व जिलाध्यक्ष, मोर्चों के जिलाध्यक्ष एवं महामंत्री, विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, ब्लॉक प्रमुख, मंडल प्रभारी, मंडल अध्यक्ष तथा महामंत्री अनिवार्य रूप से प्रतिभाग करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर के प्रत्येक सत्र के विषय, समय और वक्ताओं को निर्धारित कर दिया गया है। प्रथम सत्र “हमारा सैद्धांतिक अधिष्ठान” विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट संबोधित करेंगे। दूसरे सत्र में भाजपा का इतिहास एवं विकास विषय पर प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य प्रदीप बिष्ट अपने विचार रखेंगे। तीसरे सत्र में कार्यकर्ता विकास, संवाद एवं अपेक्षाओं पर दायित्वधारी सुरेश भट्ट मार्गदर्शन देंगे।
चौथा सत्र कार्य पद्धति पर आधारित होगा जिसमें कुंदन लटवाल वक्ता होंगे। पांचवें सत्र में “देश के सम्मुख राजनीतिक एवं सामाजिक चुनौतियां” विषय पर महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट विचार रखेंगी। छठे सत्र में कार्य विस्तार विषय पर विकास गुप्ता प्रकाश डालेंगे। सातवें सत्र में अनुसूचित जाति-जनजाति मोर्चे के प्रदेश उपाध्यक्ष बलवीर घुनियाल संबोधित करेंगे।
नवां सत्र सोशल मीडिया पर केंद्रित रहेगा जिसमें प्रदेश आईटी संयोजक प्रवीण लखवार वक्तव्य देंगे। दसवें सत्र में मीडिया प्रबंधन विषय पर प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर जानकारी देंगे। ग्यारहवें सत्र में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी “सरकार की गरीब कल्याण योजनाएं एवं उनका क्रियान्वयन” विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। अंतिम बारहवें सत्र में “विचार परिवार” विषय पर प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल राणा प्रकाश डालेंगे। प्रशिक्षण महाअभियान के संयोजक सतीश चंद्र पांडे ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। विशेष रूप से नए कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों में संगठनात्मक कार्यप्रणाली और विभिन्न विषयों की जानकारी प्राप्त करने को लेकर उत्सुकता बनी हुई है।

