मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हाथों गुरु नानक एजुकेशनल सोसाइटी को मिली अल्पसंख्यक मान्यता
हरिद्वार, 2 जुलाई / 1 जुलाई को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में ‘अल्पसंख्यक मान्यता वितरण कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अल्पसंख्यक निदेशालय के नवनिर्वाचित चेयरमैन डॉ. सुरजीत सिंह गांधी की उपस्थिति में, नए शिक्षा सुधारों के तहत नौ अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों को मान्यता प्रदान की गई।
इस अवसर पर भेल, हरिद्वार की ‘गुरु नानक एजुकेशनल सोसाइटी’ को भी अल्पसंख्यक दर्जे की स्वीकृति मिली। संस्था के जॉइंट सेक्रेटरी सरदार जसविंदर सिंह बराड़ ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से यह प्रमाणपत्र प्राप्त किया। कार्यक्रम में संस्था के कोषाध्यक्ष सरदार दमनप्रीत सिंह भी उपस्थित रहे।
संस्थान को यह उपलब्धि और अल्पसंख्यक का दर्जा हासिल होने में राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सरदार नरिंदर जीत सिंह बिंद्रा की अहम भूमिका रही, जिन्होंने निदेशालय को संस्थान का नाम सुझाया। साथ ही, संस्था की ओर से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने और मान्यता हासिल करने में जॉइंट सेक्रेटरी सरदार जसविंदर सिंह बराड़ का नेतृत्व महत्वपूर्ण रहा।
इस उपलब्धि पर गुरु नानक एजुकेशनल सोसाइटी के अध्यक्ष सरदार आई. जे. एस. संधू ने प्रबंधक कमेटी के सभी सदस्यों को बधाई दी। संस्था की ओर से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्य सरकार का विशेष धन्यवाद ज्ञापित किया गया, जिनके हाथों संस्थान को यह उपलब्धि हासिल हुई है।

