मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के “ड्रग्स फ्री देवभूमि” अभियान के तहत पुलिस महानिदेशक उत्तराखण्ड दीपम सेठ द्वारा जारी निर्देशों के क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ उत्तराखण्ड ने राज्य में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) को लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।
इसी क्रम में सोमवार शाम एसटीएफ/एएनटीएफ टीम ने हरिद्वार जनपद के थाना मंगलौर पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाते हुए लंढौरा क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने मौके से 18,000 प्रतिबंधित ट्रामाडोल कैप्सूल बरामद किए। तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। हालांकि आरोपी पुलिस की भनक लगते ही मौके से फरार हो गए।
बरामद कैप्सूल पर “Acetaminophen, Tramadol Hydrochloride & Dicyclomine Hydrochloride Capsules” अंकित पाया गया। मौके पर बुलाए गए ड्रग इंस्पेक्टर हरीश द्वारा जांच के उपरांत उक्त दवाइयों को प्रतिबंधित नशीली श्रेणी का बताया गया।
इस संबंध में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। जांच के दौरान फरार अभियुक्तों में से एक की पहचान फारुख पुत्र महमूद निवासी बहादराबाद, हरिद्वार तथा उसके एक साथी के रूप में हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी जा रही है।एसटीएफ/एएनटीएफ टीम अभियुक्तों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की भी गहन जांच कर रही है, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
कार्रवाई में एसटीएफ/एएनटीएफ टीम से निरीक्षक भवानी शंकर पंत, उपनिरीक्षक दीपक मेठाणी, हेड कांस्टेबल देशराज, कांस्टेबल प्रशांत चौहान, कांस्टेबल दीपक नेगी तथा मंगलौर पुलिस टीम से उपनिरीक्षक राम बहादुर और कांस्टेबल नरेश शामिल रहे।

