जनपद के टनकपुर क्षेत्र से मानव–वन्यजीव संघर्ष की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। शारदा वन रेंज में जंगल से लकड़ी लेने गई एक महिला पर अचानक हाथी ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार टनकपुर वार्ड संख्या 5 नई बस्ती निवासी माधुरी पत्नी भूपराम अन्य महिलाओं के साथ सेनापानी मार्ग स्थित दीवान चौकी के पास जंगल में लकड़ी लेने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक निकले हाथी ने उन पर हमला कर दिया। हमले में माधुरी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हाथी का हमला होते ही साथ में मौजूद महिलाओं में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं के शोर मचाने पर हाथी जंगल की ओर चला गया।
घटना की सूचना परिजन और ग्रामीणों को दी गई, जिसके बाद वन विभाग और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से टनकपुर उप जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की खबर फैलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। प्रशासनिक अधिकारी, वन विभाग, पुलिस और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना को गंभीरता से लेते हुए प्रभागीय वनाधिकारी कुंदन कुमार हल्द्वानी से टनकपुर पहुंचे। उन्होंने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और वन्यजीव अधिनियम के तहत तात्कालिक सहायता के रूप में 3 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की।
वन क्षेत्राधिकारी शारदा वन रेंज सुनील शर्मा ने बताया कि क्षेत्र में हाथियों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है और गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अकेले जंगल न जाएं और समूह में भी पूरी सतर्कता बरतें। इस दर्दनाक हादसे के बाद नई बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों में भय और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने हाथियों की आवाजाही वाले इलाकों में स्थायी सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है। लगातार बढ़ता मानव–वन्यजीव संघर्ष प्रशासन के सामने बड़ी चुनौती बनता जा रहा है।


