रुड़की स्थित रूडकी इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी में “कंपनियों में बेहतर इंटर्नशिप कैसे प्राप्त करें” विषय पर एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संस्थान के पूर्व छात्रों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल, करियर अवसरों और इंडस्ट्री की आवश्यकताओं के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ मैनेजिंग ट्रस्टी नमन बंसल, यश अग्रवाल, महानिदेशक प्रो. एम.जे. निगम, निदेशक डॉ. पराग जैन, डीन अकादमिक गौरव चतुर्वेदी, डीन कंप्यूटिंग डॉ. दीपक आर्य एवं कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष डॉ. लोकेश कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता संस्थान के पूर्व छात्र यश राज रहे, जो वर्तमान में Microsoft में कार्यरत हैं तथा उनका वार्षिक पैकेज 52 लाख रुपये है। उन्होंने विद्यार्थियों को एआई एवं मशीन लर्निंग के आधुनिक ट्रेंड्स, प्रोजेक्ट डेवलपमेंट, कोडिंग स्किल्स और इंटरव्यू तैयारी के महत्वपूर्ण पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
इसके साथ ही ओंकार ओझा, जो वर्तमान में Amazon में 50 लाख रुपये वार्षिक पैकेज पर कार्यरत हैं, ने विद्यार्थियों को फांग कंपनियों में इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट प्राप्त करने की रणनीतियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने रिज्यूमे बिल्डिंग, डेटा स्ट्रक्चर एवं एल्गोरिद्म की तैयारी, ऑनलाइन प्रोफाइल निर्माण तथा निरंतर अभ्यास के महत्व पर विशेष जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विशेषज्ञों से विभिन्न प्रश्न पूछे और अपने करियर से संबंधित जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं फैकल्टी सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। संस्थान के निदेशक डॉ. पराग जैन ने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं विद्यार्थियों को उद्योग जगत की वास्तविक आवश्यकताओं से जोड़ने तथा उन्हें वैश्विक अवसरों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में अतिथि वक्ताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

