धामी सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मल्ला महल में बहुउद्देशीय शिविर एवं ‘जन जन की सरकार, चार साल बेमिसाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के संबोधन का प्रसारण किया गया, जिसमें उन्होंने सरकार की चार वर्षों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए राज्य के समग्र विकास की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर लोगों को योजनाओं की जानकारी दी गई और सेवाएं उपलब्ध कराई गईं।
साथ ही चिकित्सा शिविर के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें स्थानीय कलाकारों और स्कूली बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों से कुमाऊं की सांस्कृतिक झलक पेश की। मुख्य अतिथि मेयर अजय वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तराखंड ने विकास, विश्वास और सुशासन का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सशक्त भू-कानून और नकल विरोधी कानून जैसे फैसलों को राज्य की दिशा तय करने वाला बताया। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाया जाता है और प्रशासन सभी नागरिकों को बेहतर सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित लाभार्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को करीब साढ़े बाइस लाख रुपये के चेक वितरित किए गए, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई गई। सूचना विभाग की ओर से सरकार की योजनाओं पर आधारित पुस्तिकाएं भी वितरित की गईं। कार्यक्रम स्थल पर ‘धुरंधर धामी’ सेल्फी प्वाइंट लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा, जहां लोगों ने उत्साह के साथ तस्वीरें खिंचवाईं। अंत में राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की उपस्थिति रही।


