संजू पुरोहित सम्पादक
खेल प्रेमियों के लिए गर्व का क्षण आने वाला है। लड़वाल स्टेट स्थित स्वर्गीय तेज सिंह लड़वाल मेमोरियल खेल मैदान में 15 फरवरी से पहली बार कुमाऊं प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता टीम को ₹6 लाख और उपविजेता को ₹3 लाख का नगद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। कुमाऊं मंडल के सभी जिलों से टीमें प्रतिभाग करने पहुंच रही हैं, जिससे मुकाबले बेहद रोमांचक और प्रतिस्पर्धात्मक होने की उम्मीद है।
लीग का शुभारंभ 15 फरवरी को दोपहर 12:30 बजे बालिकाओं के फुटबॉल डेमो मैच से होगा, जो नारी शक्ति और खेल भावना का संदेश देगा। 17 फरवरी को सुबह 10 बजे पिथौरागढ़ और उधम सिंह नगर के बीच मुकाबला खेला जाएगा, दोपहर 1 बजे नैनीताल और बागेश्वर आमने-सामने होंगे, जबकि शाम 4 बजे चंपावत और अल्मोड़ा के बीच संभावित भिड़ंत होगी। 18 फरवरी को सुबह 10 बजे बागेश्वर और अल्मोड़ा, दोपहर 1 बजे उधम सिंह नगर और नैनीताल तथा शाम 4 बजे चंपावत और पिथौरागढ़ के बीच रोमांचक मुकाबले निर्धारित हैं।
उत्तराखंड के उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र लड़वाल की पहल से आयोजित इस लीग का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करना और उन्हें नशे जैसी बुराइयों से दूर रखना है। उनका मानना है कि खेल ही युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देकर समाज को सशक्त बना सकते हैं। कुमाऊं प्रीमियर लीग के आयोजक एवं विक्टोरिया यूनाइटेड फुटबॉल क्लब के प्रबंध निदेशक तथा सर्वोपरि वेलफेयर सोसाइटी के प्रमुख वीरु कालाकोटी ने बताया कि लीग की शुरुआत गत वर्ष हल्द्वानी से की गई थी, जहां इसे अभूतपूर्व सफलता मिली।
इस वर्ष कुमाऊं के अन्य जिलों में भी प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है, जबकि फाइनल मुकाबला हल्द्वानी में प्रस्तावित है। प्रतियोगिता को लेकर स्वर्गीय तेज सिंह लड़वाल मेमोरियल स्टेडियम इन दिनों दुल्हन की तरह सजाया जा रहा है। आयोजन को सफल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।


