इस प्रकार के आयोजनों से निखरती है बच्चों की प्रतिभा – मनीष जुकरिया।
बीआरसी लोहाघाट में आयोजित ज्ञान, बुद्धि, तत्परता एवं सम सामयिक विषयों पर आधारित विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिताएं इस बात का प्रमाण हैं कि यदि सही मंच और सही दिशा मिले तो ग्रामीण और पहाड़ी क्षेत्र के विद्यार्थी भी किसी से कम नहीं।
खंड शिक्षा अधिकारी लोहाघाट घनश्याम भट्ट एवं मुख्य संयोजक भगवान जोशी के दिशा निर्देशन एवं शैलेश मटियानी राज्य उत्कृष्ट शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक प्रकाश चन्द्र उपाध्याय के संचालन में सेकेंडरी और सीनियर सेकेंडरी स्तर के छात्रों ने क्विज, भाषण, और वाद–विवाद जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित सभी शिक्षकों, अभिभावकों और निर्णायक मंडल को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में छात्रों की त्वरित सोच, सूझबूझ और टीम भावना साफ झलकती रही।
समापन सत्र में मुख्य अतिथि व्यापार संघ अध्यक्ष मनीष जुकरिया, उपाध्यक्ष दानू सुतेड़ी, प्रधानाचार्य श्याम दत्त चौबे ने विजेता एवं प्रतिभागी बच्चों को पुरस्कार वितरित किए। भाषण प्रतियोगिता में राउमावि खूनाबोरा, वाद विवाद में राबाइका लोहाघाट तथा क्विज प्रतियोगिता में राईका लोहाघाट ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कार्यक्रम के सफल संचालन में सह संयोजक नवीन राम,जीवन राय, सीमा धामी आदि ने विशेष सहयोग दिया।


