उत्तराखण्ड हरिद्वार

ज्वालापुर विधायक ने सरकार पर क्या आरोप लगाए

ज्वालापुर विधायक ने सरकार पर क्या आरोप लगाए

 

लव कुमार शर्मा, हरिद्वार/ विधानसभा में बजट सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो गया। वीरवार को सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच हंगामे के बाद अध्यक्ष ऋतु खंडूरी ने सत्र स्थगित कर दिया। जिसके बाद शुक्रवार को ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने प्रेस क्लब में पत्रकारवार्ता कर सरकार पर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष और जनता की आवाज को दबा रही है। सत्र में विपक्ष को सुना नहीं जाता। प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर है।

हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है। विपक्ष इसके खिलाफ आवाज उठाता है तो सत्ता पक्ष हंगामा कर सत्र को स्थगित करवा देते हैं। कानून व्यवस्था चौपट है। आए दिन अपराध बढ़ रहे है। अपराधियों को कानून का डर नहीं है। जी 20 में 4100 करोड़ रुपए बर्बाद किए हुए। उसका कुछ लाभ होता नहीं दिख रहा। नारी शक्ति के नाम पर मुख्यमंत्री कार्यक्रम आयोजित करते हैं और वहीं अंकिता भंडारी को न्याय नहीं मिल रहा।

एचआरडीए, सिंचाई विभाग, पुलिस सभी जगह अवैध वसूली हो रही। अधिकारियों को पनाह देकर सरकार का उनको पूरा समर्थन है। किसानों की फसल बर्बाद होने पर मुआवजा नहीं मिलता और अगर मिलता भी है तो बहुत कम मिलता है। षड्यंत्र के तहत सरकारी नौकरियों से आरक्षण समाप्त किया जा रहा है। सरकार सिर्फ हवाई घोषणाएं कर रही। उन्होंने कहा कि विपक्ष कमजोर नहीं है और जनहित के मुद्दे उठाने को हमेशा तैयार है। विपक्ष के खिलाफ षड्यंत्र हो रहा है।

परिवहन, बजट कटौती, शहरी विभाग, किसान, ग्रामीण, सफाई कर्मचारी आदि पर सवाल उठाने थे लेकिन नहीं सुने गए।