नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर सोमवार सुबह करीब 10 बजे भागूवाला स्थित पंजाब नेशनल बैंक के समीप एक अनियंत्रित लोडर वाहन और स्कूटी के बीच हुई भिड़ंत में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतपुली निवासी सुमित नेगी अपनी स्कूटी (UK07 HE 1760) से हरिद्वार की ओर जा रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे लोडर मैजिक (UP20 AT 8506) की चपेट में आने से यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक उछलकर सड़क पर जा गिरा, जबकि चालक वाहन सहित मौके से निकल गया। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल को एंबुलेंस के जरिए नजीबाबाद अस्पताल भिजवाया, जहाँ उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। क्षेत्रवासियों ने इस दुर्घटना के लिए सड़क पर बेतरतीब खड़े होने वाले वाहनों और बढ़ते अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराते हुए रोष व्यक्त किया है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बैंकों के सामने सड़क पर अवैध पार्किंग के कारण मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।


