विकासखंड द्वारीखाल में क्षेत्र पंचायत (बीडीसी) की बैठक ब्लाक प्रमुख बीना राणा की अध्यक्षता में आयोजित की गयी। बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखते हुए कुल 28 शिकायतें दर्ज कराई गई। जिनमें से अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सोमवार को आयोजित बैठक में सबसे अधिक शिकायतें लोक निर्माण विभाग, पेयजल एवं विद्युत विभाग से संबंधित रहीं। इस दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा सड़क मरम्मत, पेयजल आपूर्ति बाधित होने और विद्युत आपूर्ति में अनियमितता जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए।
बैठक मेंब्लाक प्रमुख बीना राणा ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान ही पंचायत व्यवस्था की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा करते हुए कहा कि वह जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति मिल सके।
उपजिलाधिकारी शालिनी मौर्य ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बीडीसी बैठक में दर्ज सभी शिकायतों का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए और इसकी सूचना शिकायतकर्ताओं को भी उपलब्ध करायी जाए। उन्होंने अधिकारियों को क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का नियमित निरीक्षण करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध रूप से कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में खंड विकास अधिकारी जयकृत बिष्ट, अधिशासी अभियंता लोनिवि दुगड्डा निर्भय सिंह, सहायक अभियंता जल निगम बालम सिंह नेगी सहित अन्य अधिकारी एवं समस्त जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


