उत्तराखण्ड हरिद्वार

ई रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों ने की ई रिक्शा की बढ़ती संख्या पर रोक लगाने की मांग

हरिद्वार / ई रिक्शा यूनियन पदाधिकारियों ने किराया निर्धारित करने का विरोध करते हुए ई रिक्शा की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। रोशनाबाद स्थित संभागीय परिवहन कार्यालय में एआरटीओ (ए) रत्नाकर सिंह, परिवहन कर अधिकारी रविंद्र सैनी व एआरटीओ (ई) रश्मि पंत के साथ बैठक के दौरान ई रिक्शा का किराया निर्धारित करने का विरोध करते हुए ई रिक्शा पंचपुरी महासंघ के महासचिव नवीन भैया ने कहा कि हरिद्वार जैसे छोटे शहर में ई रिक्शा की बढ़ती संख्या चिंता का विषय है। बढ़ती ई रिक्शा की वजह से शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। उन्होंने कहा कि ई रिक्शा की बढ़ती संख्या पर रोक लगायी जाए। ई रिक्शा के नए रजिस्ट्रेशन बंद किए जाएं। उन्होंने ऐसे लोगों की जांच कराने की भी मांग की जो खुद रिक्शा नहीं चलाते हैं। लेकिन 10 से 20 रिक्शा किराए पर चलवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि ई रिक्शा की बढ़ती संख्या पर अंकुश नहीं लगाया तो सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय पर धरना दिया जाएगा। भूपतवाला भीमगोड़ा यूनियन के प्रधान अशोक कश्यप ने कहा कि ई रिक्शा की बढ़ती संख्या की वजह से जाम लगने पर चालक को भारी चालान भुगतना पड़ रहा है। इस दौरान धीरज, मोनू प्रधान, सचिन, निशांत, वतन झा, मौ.शम्मी, पवन पाल, संजय, नंदू, शंकर आदि मौजूद रहे।