क्षेत्र के थिथौला खेमपुर स्थित रहमानिया पब्लिक हाई स्कूल का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर खुशियों से सराबोर हो गया। नर्सरी से लेकर कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए शानदार अंक प्राप्त कर न केवल अपने संस्थान, बल्कि पूरे क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। इस अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला पंचायत प्रतिनिधि फारूक अली ने मेधावी छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक है। विद्यालय के प्रधानाचार्य आमिर खान ने इस सफलता का श्रेय शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और विद्यार्थियों के कठोर परिश्रम को देते हुए कहा कि विद्यालय प्रबंधन छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल प्रदान करने के लिए सदैव तत्पर है। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रधान रियासत अली, विनोद कुमार, सिराज अहमद, असलम अली, फुरकान, सलीम, कामिल और मोहम्मद तालिब सहित बड़ी संख्या में अभिभावक व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया।


