वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत मंगलौर पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्यवाही करते हुए लंबे समय से माननीय न्यायालय से गैर-हाजिर चल रहे तीन वारंटियों को दबोचने में सफलता हासिल की है। प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में गठित पुलिस टीमों ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सघन दबिश देते हुए हत्या और साजिश (302/120B) जैसे संगीन मामले में वांछित पिन्टू पुत्र ब्रह्मपाल (ग्राम सढौली), आर्म्स एक्ट के आरोपी प्रवीण पुत्र जगपाल (गाधारौणा) और एनआई एक्ट के मामले में फरार सत्यकुमार पुत्र तेलूराम (लिब्बरहेड़ी) को उनके ठिकानों से हिरासत में लिया।
उपनिरीक्षक कमलकांत रतूड़ी, अशोक सिरसवाल और मनोज कठैत की टीम ने इन वारंटियों को गिरफ्तार कर अग्रिम वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की है। पुलिस की इस सख्त मुहिम ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कानूनी प्रक्रिया से बचने वाले और समाज की शांति व्यवस्था बिगाड़ने वाले अपराधियों के खिलाफ मंगलौर पुलिस का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।


