हैंडपंपों पर लगेंगी मोटर, बड़े पानी टैंकों की होगी स्थापना समयबद्ध कार्य के सख्त निर्देश।
लोहाघाट। नगर में बढ़ती पेयजल समस्या और आगामी ग्रीष्मकाल में संभावित जल संकट को लेकर नगर पालिका अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। 17 मार्च 2026 को नगर पालिका सभागार में आयोजित एक अहम बैठक में इस मुद्दे पर गंभीर मंथन हुआ। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने की। बैठक में नगर के विभिन्न वार्डों में पेयजल आपूर्ति की वर्तमान स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों ने गर्मियों में संभावित संकट से निपटने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। जल संस्थान के अधिकारियों ने जानकारी दी कि नगर के सभी प्रमुख हैंडपंपों पर इलेक्ट्रिक मोटर लगाई जाएंगी, जिससे पानी की आपूर्ति और अधिक सुचारू हो सकेगी। साथ ही 2000 से 5000 लीटर क्षमता वाले पानी के टैंक भी विभिन्न स्थानों पर स्थापित किए जाएंगे, ताकि जरूरत के समय आमजन को राहत मिल सके।
अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने साफ शब्दों में निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि नगर में पहले से स्थापित सोलर हैंडपंप लोगों के लिए राहत का काम कर रहे हैं। उन्होंने नगरवासियों से भी अपील की कि जल का सोच-समझकर उपयोग करें और अनावश्यक बर्बादी से बचें, ताकि सभी को पर्याप्त पानी मिल सके। बैठक में अधिशासी अधिकारी सौरभ नेगी, अधिशासी अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता पवन बिष्ट, विभिन्न वार्डों के सभासदों सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। उम्मीद जताई जा रही है कि पालिका के इन ठोस कदमों से इस बार गर्मियों में नगरवासियों को पेयजल संकट से काफी हद तक राहत मिलेगी।


